नई दिल्ली, 23 मार्च।
उच्चतम न्यायालय में सोमवार को एक याचिका दायर की गई, जिसमें कोर्ट की मुख्य इमारत के गुंबद पर भारत का राष्ट्रीय चिन्ह अशोक स्तंभ लगाने की मांग की गई। सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने कहा कि इस प्रस्ताव पर प्रशासनिक स्तर पर विचार किया जाएगा।
यह याचिका बनारस निवासी 'बाबा खतरनाक' ने दायर की थी। सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश ने बताया कि नई बिल्डिंग में राष्ट्रीय चिन्ह लगाने का प्रावधान किया जाएगा। याचिकाकर्ता ने पूछा कि इसके लिए क्या कदम उठाए जाएंगे, जिस पर मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि संबंधित अधिकारी को पत्र लिखकर इसे प्रशासनिक स्तर पर देखा जा सकता है, अदालत में याचिका दायर करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने उच्चतम न्यायालय के सेक्रेटरी जनरल को निर्देश दिया कि यह मामला संबंधित अधिकारियों तक पहुँचाया जाए।









