05 अप्रैल 2026, ग्वालियर
मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्थित गांधी प्राणी उद्यान में सफेद बाघिन मीरा ने तीन शावकों को जन्म दिया है। इस जन्म के साथ ही चिड़ियाघर में बाघों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है।
चिड़ियाघर प्रशासन के अनुसार, बाघिन ने रविवार दोपहर लगभग 2 बजे शावकों को जन्म दिया। जन्मे तीन शावकों में दो रॉयल बंगाल और एक सफेद टाइगर शामिल है। सभी शावक स्वस्थ हैं और उनकी मां भी सुरक्षित है।
अधिकारियों ने बताया कि नवजात शावकों को सुरक्षा और स्वास्थ्य कारणों से अलग निगरानी में रखा गया है। उन्हें बाहरी संपर्क से दूर रखा गया है और विशेषज्ञों की टीम लगातार उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। बाघिन को भी प्रसव के बाद विशेष देखभाल और संतुलित आहार दिया जा रहा है, ताकि उसकी रिकवरी बेहतर हो सके।
नए शावकों के जन्म के बाद उद्यान में कुल 10 बाघ हो गए हैं, जिनमें चार सफेद और छह रॉयल बंगाल टाइगर शामिल हैं। प्रशासन के अनुसार, इनमें नर, मादा और नवजात शावकों की संख्या संतुलित है।
नगर निगम के निर्देश पर चिड़ियाघर में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। नवजात शावकों की देखभाल के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं और सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। साथ ही निर्धारित स्वास्थ्य और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन किया जा रहा है।











