सागर, 02 अप्रैल 2026।
सागर जिले के रहली थाना क्षेत्र के ग्राम चांदपुर (मुठिया टोला) से प्रेम विवाह करने वाले एक युवा दंपति के आत्महत्या करने की दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसमें राजेंद्र उर्फ गोलू (22) और उनकी पत्नी काजल पटेल (21) ने बुधवार-गुरुवार की रात फंदे पर झूलकर अपनी जान दे दी।

जानकारी के अनुसार, दोनों ने आत्महत्या से पहले अपने शादी के कपड़े पहने और एक-दूसरे को अंतिम बार उसी रूप में देखने के बाद खेत पर बने मकान के कमरे में जाकर फंदे पर झूल गए। घटना के समय घर में अन्य सदस्य मौजूद नहीं थे। राजेंद्र की मां का पहले ही निधन हो चुका था, और वह अपने पिता व छोटे भाई के साथ रहता था। पिता खेत के दूसरे हिस्से में थे, जबकि छोटा भाई घर से बाहर गया हुआ था।
परिवार के अनुसार, दंपति के बीच किसी तरह के विवाद या तनाव की बात सामने नहीं आई थी। दोनों परिवार मजदूरी और खेती-किसानी करके जीवन यापन करते थे। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शवों का मुआयना कर पंचनामा तैयार किया। बाद में शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रहली भेजा गया।
ड्यूटी डॉक्टर प्रशांत हजारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस पारिवारिक और आर्थिक पहलुओं सहित सभी संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है।











