भोपाल, 26 अप्रैल
मध्य प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं और दोपहिया वाहन चालकों की मौतों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर, पुलिस विभाग ने हेलमेट की अनिवार्यता को लेकर आज से विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया है। यह अभियान 26 अप्रैल से 10 मई 2026 तक चलेगा, जिसके तहत हेलमेट नहीं पहनने वाले वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस मुख्यालय ने सभी पुलिस आयुक्तों और जिला पुलिस अधीक्षकों को निर्देश जारी किए हैं कि वे सड़क दुर्घटनाओं में दोपहिया वाहन चालकों की बड़ी संख्या को ध्यान में रखते हुए इस अभियान को प्रभावी बनाएं। पुलिस ने कहा कि हेलमेट नहीं पहनना अधिकांश मामलों में दुर्घटनाओं का मुख्य कारण है। इस अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही पीओएस मशीनों के माध्यम से ई-चालान काटने के निर्देश भी दिए गए हैं।
अभियान के तहत पुलिस स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेगी, जिसमें युवाओं को हेलमेट की महत्वता और यातायात नियमों के बारे में जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा, सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर जागरूकता सामग्री भी साझा की जाएगी ताकि लोगों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया जा सके।
पुलिस मुख्यालय ने कहा है कि यह अभियान कागजी कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह व्यवहारिक बदलाव लाने के लिए एक प्रभावी कदम होगा। पुलिस अधिकारियों को यह निर्देश दिया गया है कि वे अभियान के परिणामों की नियमित रिपोर्ट भी भेजें।







.jpg)