मियामी, 27 मार्च।
विश्व रैंकिंग में दूसरे नंबर पर मौजूद इटली के स्टार टेनिस खिलाड़ी यानिक सिनर ने मियामी ओपन 2026 के क्वार्टरफाइनल में उत्कृष्ट खेल दिखाते हुए फाइनल चार में जगह बना ली है। उन्होंने गुरुवार को अमेरिका के फ्रांसेस टियाफो को 6-2, 6-2 से हराया।
सिनर ने पूरे मैच में अपनी ताकत और दबदबा बनाए रखा और टियाफो को किसी भी तरह की वापसी का मौका नहीं दिया। उन्होंने अपने सर्विस गेम में केवल 9 अंक गंवाए और 71 मिनट में मुकाबला अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही सिनर ने मियामी ओपन में चौथी बार अंतिम चार में प्रवेश किया और मास्टर्स 1000 स्तर पर लगातार 30 सेट जीतने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।
मैच के बाद सिनर ने कहा कि शुरुआती बढ़त हासिल करना महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने बताया, “जब आप मैच की शुरुआत में ब्रेक लेते हैं तो आत्मविश्वास बढ़ता है। मैं पूरे मैच में शांत रहकर मौके का फायदा उठाने की कोशिश करता हूं। आज यही मेरी जीत की मुख्य वजह रही।”
इस समय सिनर शानदार फॉर्म में हैं और ‘सनशाइन डबल’ पूरा करने की कोशिश कर रहे हैं। इससे पहले उन्होंने इंडियन वेल्स खिताब जीत चुके हैं।
सेमीफाइनल में सिनर का सामना तीसरी वरीयता प्राप्त जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव या 18वीं वरीयता प्राप्त अर्जेंटीना के फ्रांसिस्को सेरुंडोलो में से किसी एक से होगा।












