माले (मालदीव),02 अप्रैल।
गत चैंपियन भारत ने सैफ अंडर-20 चैम्पियनशिप के सेमीफाइनल में भूटान को धुआंधार 5-0 से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। भारत का खिताबी मुकाबला अब 3 अप्रैल को बांग्लादेश से होगा, जिसने दूसरे सेमीफाइनल में नेपाल को 1-0 से पराजित किया।
भारतीय टीम की इस शानदार जीत में रोहेन सिंह चाफामायुम ने मुख्य भूमिका निभाई, जिन्होंने 56वें और 57वें मिनट में लगातार दो गोल किए। इसके अलावा ओमांग डोडुम (4’), मोहम्मद अरबाश (44’) और स्थानापन्न खिलाड़ी मैलेमंगाम्बा थोकचोम (90+2’) ने गोल कर टीम की जीत को अंतिम रूप दिया।
मैच की शुरुआत से ही भारत ने आक्रामक खेल दिखाया और चौथे मिनट में बढ़त हासिल की। बांगसन सिंह ताखेल्लाम्बाम के लंबी पास पर रोहेन ने तेज़ दौड़ लगाई और बॉक्स में सटीक क्रॉस किया, जिसे ओमांग डोडुम ने गोल में बदल दिया।
44वें मिनट में डोडुम के शानदार मूव पर अरबाश ने गोल कर बढ़त 2-0 कर दी। दूसरे हाफ में भारत की आक्रामकता और बढ़ गई। 56वें मिनट में रोहेन ने टीम के शानदार संयोजन के बाद तीसरा गोल किया और एक मिनट बाद अपना दूसरा गोल दागकर स्कोर 4-0 कर दिया।
मैच के अंतिम क्षणों में मैलेमंगाम्बा थोकचोम ने 90+2वें मिनट में गोल कर भारत की 5-0 की बड़ी जीत पर मोहर लगा दी। पूरे मुकाबले में भारत ने बेहतरीन तालमेल, तेज गति और सटीक फिनिशिंग का प्रदर्शन किया, जिससे भूटान को कोई मौका नहीं मिला और मैच पूरी तरह एकतरफा रहा।












