जयपुर, 23 मई ।
आईपीएल मैचों के दौरान ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी पर कार्रवाई करते हुए जयपुर कमिश्नरेट की क्राइम स्पेशल टीम और करधनी थाना पुलिस ने शनिवार को एक बड़े सट्टा नेटवर्क का पर्दाफाश किया। गोकुलपुरा क्षेत्र में डेयरी के पीछे बने कमरे में दबिश देकर पुलिस ने एक बुकी को गिरफ्तार किया, जो ऑनलाइन माध्यम से आईपीएल मैचों पर दांव लगवा रहा था।
पुलिस उपायुक्त अपराध संजीव नैन के अनुसार, सूचना मिली थी कि करधनी थाना इलाके में तेजाजी मंदिर के पीछे स्थित डेयरी के एक कमरे में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि होने के बाद सीएसटी और करधनी थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से मौके पर कार्रवाई की।
पुलिस टीम के पहुंचने पर आरोपी दुलीचंद सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेले जा रहे आईपीएल टी-20 मुकाबले पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करता मिला। जांच में सामने आया कि वह व्हाट्सएप ग्रुप और विभिन्न ऑनलाइन एप्स के माध्यम से लोगों से दांव लगवा रहा था। पुलिस ने आरोपी को मौके से हिरासत में ले लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से सट्टेबाजी में इस्तेमाल किए जा रहे तीन एंड्रॉइड मोबाइल फोन और 2 लाख 6 हजार 100 रुपये नकद जब्त किए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी संगठित तरीके से लोगों को ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क से जोड़ रहा था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 25 वर्षीय दुलीचंद के रूप में हुई है, जो मूल रूप से कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नांगल चेचिका गांव का रहने वाला है और फिलहाल गोकुलपुरा स्थित उमा विहार कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा था।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह जानकारी जुटा रही है कि वह सट्टे की लाइन किस मुख्य बुकी या वेबसाइट से हासिल कर रहा था। इसके अलावा उसके नेटवर्क, सहयोगियों और आर्थिक लेन-देन की भी जांच की जा रही है। पुलिस को मामले में आगे और बड़े खुलासे की उम्मीद है।






.jpg)







