लाहौर, 27 नवंबर।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने 2026-27 सत्र के लिए महिला क्रिकेट टीम की आठ खिलाड़ियों को केंद्रीय अनुबंध दिया है। नई सूची में फातिमा सना और सादिया इकबाल को शीर्ष श्रेणी ए में शामिल किया गया है। पिछले अनुबंध सत्र में 20 खिलाड़ियों को जगह मिली थी, लेकिन इस बार बोर्ड ने अनुबंधित खिलाड़ियों की संख्या घटाकर आठ कर दी है।
नए अनुबंध 30 जून, 2027 तक लागू रहेंगे। श्रेणी बी में मुनीबा अली सिद्दीकी, नशरा संधू और सिदरा अमीन को रखा गया है। वहीं, आयशा जफर, गुल फिरोजा और सदफ शमास श्रेणी सी में शामिल हैं। मुनीबा अली और सिदरा अमीन को पिछली बार श्रेणी ए में जगह मिली थी, लेकिन इस सत्र में उनका वर्ग बदलकर बी कर दिया गया है। गुल फिरोजा और सदफ शमास ने श्रेणी डी से सी में जगह बनाई है। आयशा जफर को पहली बार केंद्रीय अनुबंध मिला है।
पीसीबी के अनुसार, अनुबंध की श्रेणियां तय करने में खिलाड़ियों के हालिया प्रदर्शन, फिटनेस और टीम की आगामी जरूरतों को आधार बनाया गया है। पिछली सूची में शामिल 13 खिलाड़ियों को इस बार अनुबंध नहीं मिला है। इनमें आलिया रियाज, डायना बैग, रमीम शमीम, नाजिहा अल्वी, नतालिया परवेज, ओमैमा सोहेल, सिदरा नवाज, सैयदा आरूब शाह, तुबा हसन, उम्म-ए-हानी और वहीदा अख्तर के अलावा उभरती खिलाड़ी ऐमान फातिमा तथा शवाल जुल्फिकार शामिल हैं।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि अनुबंधित खिलाड़ियों की फिटनेस की नियमित जांच होगी। सभी खिलाड़ियों को अनुबंध की अवधि में निर्धारित फिटनेस मानकों पर खरा उतरना होगा।
केंद्रीय अनुबंध सूची
-
श्रेणी ए: फातिमा सना, सादिया इकबाल।
-
श्रेणी बी: मुनीबा अली सिद्दीकी, नशरा संधू, सिदरा अमीन।
-
श्रेणी सी: आयशा जफर, गुल फिरोजा, सदफ शमास।












