कोलकाता, 27 नवंबर।
पश्चिम बंगाल सरकार आगामी गंगासागर मेले को प्लास्टिक मुक्त, पर्यावरण अनुकूल और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाने के लिए कई नई व्यवस्थाएं कर रही है। श्रद्धालुओं के लिए पारंपरिक हॉगला पत्तों की झोपड़ियों के स्थान पर आधुनिक तंबू लगाए जाएंगे।
मेले में नि:शुल्क पेयजल उपलब्ध कराने के लिए कई वाटर एटीएम स्थापित किए जाएंगे। प्लास्टिक के कपों की जगह कागज के कप और गिलास इस्तेमाल किए जाएंगे। धार्मिक कार्यक्रमों के लिए विशेष सांस्कृतिक मंच भी तैयार किया जाएगा।
नबन्ना में गुरुवार को आयोजित तैयारियों की बैठक के बाद मुख्य सचिव मनोज कुमार अग्रवाल ने बताया कि मेले में स्वच्छता, स्नान घाटों की व्यवस्था और साफ-सफाई के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। सफाई व्यवस्था को चौबीसों घंटे बनाए रखने पर भी जोर दिया जाएगा।
प्रशासन को इस बार श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि की उम्मीद है। यात्रियों की आवाजाही के लिए 20 बड़ी नावों की व्यवस्था की जाएगी। इनमें प्रत्येक नाव एक हजार से अधिक यात्रियों को ले जाने की क्षमता रखेगी।
इसके अलावा बेहाला और कोलकाता हवाई अड्डों से भुगतान आधारित हेलीकाप्टर सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए जमीन, जल और हवाई क्षेत्रों में ड्रोन से निगरानी की जाएगी। इस व्यवस्था में भारतीय सेना और सीमा सुरक्षा बल के साथ समन्वय किया जाएगा।
















