वाराणसी, 27 नवंबर।
वाहन चालान के मामलों को निपटाने के लिए वाराणसी जिला न्यायालय में 28 नवंबर, शनिवार को विशेष लोक अदालत आयोजित की जाएगी। इसमें यातायात नियमों के उल्लंघन से जुड़े लंबित चालानों का नियमानुसार कम राशि में निस्तारण कराने की सुविधा मिलेगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने वाहन मालिकों और चालकों से विशेष लोक अदालत में पहुंचकर इस सुविधा का लाभ लेने की अपील की है। संबंधित लोग शनिवार को जिला न्यायालय परिसर में पहुंचकर अपने लंबित चालानों के निपटारे की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।
इस प्रक्रिया में वाहन स्वामियों और चालकों की सहायता के लिए पैरा विधिक स्वयंसेवकों (पीएलवी) की मदद भी उपलब्ध रहेगी। इसके साथ ही लोक अदालत से जुड़ी प्रक्रिया और जरूरी जानकारी मोबाइल फोन के माध्यम से भी प्राप्त की जा सकती है।
जानकारी और सहयोग के लिए प्राधिकरण ने पीएलवी के संपर्क नंबर जारी किए हैं। प्रदीप कुमार वर्मा से 8112810960, मदन चौहान से 9305727838 और शांता विश्वकर्मा से 9454369138 पर संपर्क किया जा सकता है।
प्राधिकरण ने जिन वाहन मालिकों के चालान लंबित हैं, उनसे इस विशेष अवसर का लाभ उठाकर नियमानुसार चालानों का निस्तारण कराने की अपील की है।

















