महोबा, 27 नवंबर।
महोबा जिले में पुलिस विभाग के भीतर बड़ा फेरबदल किया गया है। पुलिस स्थापना बोर्ड की बैठक के बाद 12 निरीक्षकों के कार्यक्षेत्र बदल दिए गए हैं। पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने गुरुवार देर रात आदेश जारी कर सभी अधिकारियों को नई जिम्मेदारी पर तत्काल कार्यभार संभालने के निर्देश दिए।
इस बदलाव के तहत निरीक्षक रीता सिंह को महिला थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं, साइबर थाना के प्रभारी निरीक्षक श्याम प्रताप पटेल को महोबकंठ थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। साइबर थाना का प्रभार पुलिस लाइन में तैनात निरीक्षक रामआसरे सरोज को दिया गया है।
अन्य नियुक्तियों में निरीक्षक शिवकेश कुमार को न्यायालय सुरक्षा प्रभारी, राकेश कुमार सरोज को शिकायत प्रकोष्ठ प्रभारी और रामबाबू यादव को जिला अपराध अभिलेख ब्यूरो (डीसीआरबी) का प्रभारी बनाया गया है।
निरीक्षक चित्रसेन सिंह को फील्ड यूनिट का प्रभारी नियुक्त किया गया है। प्रदीप कुमार को पुलिस अधीक्षक का वाचक बनाया गया है। वहीं, निरीक्षक रामकुमार यादव और ओमप्रकाश को अपराध शाखा में तैनाती दी गई है।
इसके अलावा निरीक्षक रामजीत गौड़ को सदर कोतवाली में अतिरिक्त निरीक्षक और निरीक्षक रामदास को साइबर थाना में अतिरिक्त निरीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश में सभी स्थानांतरित निरीक्षकों को तत्काल नई तैनाती पर पहुंचकर कार्यभार संभालने तथा अनुपालन आख्या गोपनीय कार्यालय में भेजने के निर्देश दिए गए हैं। यह बदलाव जिले में कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किया गया है।

















