वाराणसी, 27 नवंबर।
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करना शुरू कर दिया है। इसी सिलसिले में तेलंगाना के प्रदेश संगठन महामंत्री एन. मधुकर वाराणसी पहुंचे। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने उनका स्वागत किया। पार्टी पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
अशोक चौरसिया ने कहा कि एन. मधुकर का काशी दौरा संगठन के लिहाज से अहम है। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर उनके अनुभव और मार्गदर्शन से संगठन को आगामी गतिविधियों की योजना बनाने तथा कार्यकर्ताओं के बीच सक्रियता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि चुनाव के दौरान संगठनात्मक मजबूती और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल महत्वपूर्ण होता है। पार्टी की गतिविधियों को गति देने और योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने में अनुभवी संगठनात्मक नेतृत्व का मार्गदर्शन उपयोगी रहेगा।
भाजपा काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी मधुकर चित्रांश के अनुसार, शुक्रवार को एन. मधुकर बाबा विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके अलावा काशी के अन्य प्रमुख मंदिरों में भी उनके दर्शन का कार्यक्रम है। इसके बाद वह स्थानीय पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे।
एन. मधुकर के इस प्रवास को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले संगठन की तैयारियों को मजबूत करने के प्रयासों से जोड़कर देखा जा रहा है। उनके दौरे के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ संवाद तथा चुनावी रणनीति से संबंधित चर्चा होने की संभावना है।

















