नई दिल्ली, 27 नवंबर।
भारत पाकिस्तान सीमा की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए पांचवीं एस-400 वायु रक्षा प्रणाली तैनात करने की तैयारी कर रहा है। यह प्रणाली फरवरी 2027 तक तैनाती के लिए तैयार हो सकती है। रक्षा सूत्रों के अनुसार, जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा के आसपास हवाई खतरों से सुरक्षा मजबूत करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया जा रहा है।
वर्तमान में भारत के पास चार एस-400 प्रणालियां तैनात हैं। इनमें तीन पंजाब, राजस्थान और गुजरात में तथा चौथी असम में स्थापित है। असम में तैनात प्रणाली अरुणाचल प्रदेश क्षेत्र में वास्तविक नियंत्रण रेखा की सुरक्षा को ध्यान में रखकर तैनात की गई है।
रूस से पांचवीं प्रणाली की तैयारीभारतीय वायुसेना की निरीक्षण टीम अगले महीने रूस का दौरा कर सकती है। वहां पांचवीं एस-400 प्रणाली की आपूर्ति से पहले निरीक्षण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। भारत आने वाले समय में रूस से पांच और एस-400 प्रणालियां खरीदने की योजना भी बना रहा है।
एस-400 प्रणाली बैलिस्टिक मिसाइलों, लड़ाकू विमानों, मानवरहित हवाई प्रणालियों, आत्मघाती ड्रोन और अन्य हवाई खतरों से मुकाबला करने में सक्षम है। इसकी मारक क्षमता 40 से 400 किलोमीटर तक बताई गई है।
चीन और पाकिस्तान की सैन्य तैयारियों पर नजरभारत चीन और पाकिस्तान की बढ़ती सैन्य क्षमताओं को ध्यान में रखते हुए लंबी दूरी के हथियारों और मानवरहित प्रणालियों को विकसित करने तथा हासिल करने की दिशा में काम कर रहा है। पाकिस्तान को चीन की ओर से जे-35 लड़ाकू विमानों की आपूर्ति की संभावित योजना और आधुनिक मिसाइल प्रणालियों को लेकर भारत अपनी तैयारियां मजबूत कर रहा है।
सैन्य अधिकारियों के अनुसार, भविष्य के युद्धों में दूर से हमला करने वाले हथियारों और मिसाइलों को रोकने की क्षमता अहम भूमिका निभाएगी। लंबी दूरी तक मार करने वाले हथियार और बेहतर रक्षा प्रणाली किसी भी देश को रणनीतिक बढ़त दे सकते हैं।
पाकिस्तान को कई देशों से सैन्य सहयोगसूत्रों के अनुसार, चीन और तुर्किये पाकिस्तान की सैन्य क्षमताओं को बढ़ाने में सहयोग कर रहे हैं। अमेरिका की ओर से एफ-16 विमानों के उन्नयन से संबंधित सहायता और सऊदी अरब की वित्तीय मदद भी पाकिस्तान की सैन्य तैयारियों से जुड़ी बताई गई है।
पाकिस्तान चीन से आठ हंगोर श्रेणी की पनडुब्बियां खरीद रहा है, जिनकी लागत पांच अरब डॉलर से अधिक बताई गई है। इनमें से एक पनडुब्बी जून 2026 में पाकिस्तानी नौसेना में शामिल की गई थी। तुर्किये पाकिस्तान की पनडुब्बियों के उन्नयन और लंबी दूरी के ड्रोन उपलब्ध कराने में भी सहयोग कर रहा है।
सीमावर्ती सुरक्षा और हथियारों पर जोरभारत सीमा पार आतंकवाद और क्षेत्रीय सैन्य गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए अपनी रक्षा तैयारियों को व्यापक स्तर पर मजबूत कर रहा है। इसमें लंबी दूरी के हवाई, जमीन से जमीन पर मार करने वाले और अन्य आधुनिक हथियारों के विकास एवं अधिग्रहण पर जोर दिया जा रहा है।
इसके साथ ही वास्तविक नियंत्रण रेखा पर सीमावर्ती बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की योजनाओं पर भी काम किया जा रहा है।















