नई दिल्ली, 25 मार्च।
दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने बुधवार को रामजस कॉलेज के सामने सामाजिक विज्ञान संकाय परिसर में नए प्रेरणा भवन का उद्घाटन किया। इस मौके पर दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। यह भवन स्टूडेंट्स एक्टिविटी सेंटर के रूप में विकसित किया गया है और इसमें डूसू कार्यालय भी बनाया गया है।
उद्घाटन के बाद कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने पूरे भवन का अवलोकन किया और बताया कि प्रेरणा भवन विद्यार्थियों के लिए प्रेरक बनेगा। उन्होंने कहा कि यह भवन विभिन्न छात्र-केंद्रित गतिविधियों का केंद्र होगा। इसके साथ ही कुलपति ने डूसू पदाधिकारियों के साथ बैठक कर स्टूडेंट्स एक्टिविटी सेंटर के संचालन और सुधार संबंधी सुझाव भी दिए।
कुलपति ने बताया कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस भवन के भूतल पर 50 से अधिक लोगों के बैठने की क्षमता वाला कैफेटेरिया और एक यूटिलिटी शॉप बनाई गई है। कैफेटेरिया में स्टोर रूम और किचन की अलग व्यवस्था की गई है। बेसमेंट में जिम और गेम जोन बनाया गया है। प्रथम तल पर 120 लोगों की क्षमता वाला सेमिनार हॉल, द्वितीय तल पर मीटिंग रूम और डूसू अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव व संयुक्त सचिव के लिए कार्यालय बनाए गए हैं। प्रत्येक तल पर पुरुष और महिला शौचालयों की व्यवस्था भी की गई है। तृतीय तल पर आधुनिक लाइब्रेरी और रीडिंग हॉल का निर्माण किया गया है।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. योगेश सिंह के साथ डीयू दक्षिणी परिसर की निदेशक प्रो. रजनी अब्बी, वित्त अधिकारी गिरीश रंजन, चीफ इंजीनियर अशोक सैनी, डीन स्टूडेंट्स वेल्फेयर प्रो. रंजन कुमार त्रिपाठी, डूसू स्टाफ एडवाइजर प्रो. सुरेंद्र कुमार और डूसू अध्यक्ष आर्यन मान, उपाध्यक्ष राहुल झांसला यादव सहित अन्य डूसू पदाधिकारी, शिक्षक और छात्र मौजूद थे।












