लखनऊ, 27 मार्च 2026।
प्रदेश में अनुसूचित जाति के छात्रों के लिए छह नए आधुनिक छात्रावास बनाए जाएंगे और इसके लिए 6.15 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी कर दी गई है। यह छात्रावास प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (पीएम-अजय) के तहत जौनपुर, फिरोजाबाद, सुल्तानपुर और हाथरस जिलों में बनेंगे।
समाज कल्याण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले होनहार छात्रों को आवासीय सुविधा में कोई असुविधा न हो। ये छात्रावास केवल रहने की जगह नहीं, बल्कि आधुनिक ‘लर्निंग हब’ के रूप में विकसित किए जाएंगे।
योजना के तहत जौनपुर, सुल्तानपुर और हाथरस में एक-एक तथा फिरोजाबाद में तीन छात्रावासों का निर्माण किया जाएगा। प्रत्येक छात्रावास में छात्रों के लिए सुसज्जित कमरे, आधुनिक मेस, मनोरंजन कक्ष, पुस्तकालय, सुरक्षा गार्ड रूम और छात्रावास अधीक्षक का आवास शामिल होगा।
निर्माण कार्य में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए धनराशि को एसएनए (स्पर्श) खाते के माध्यम से संचालित किया जा रहा है। अधिकारियों ने कहा कि निर्माण कार्य तेज़ी और गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाएगा, ताकि छात्र-छात्राओं को जल्द ही इसका लाभ मिल सके।











