नई दिल्ली, 03 अप्रैल, 2026।
हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) ने एलपीजी वितरण में अनियमितताओं को लेकर 10 डिस्ट्रीब्यूटरों को सस्पेंड कर दिया है। कंपनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जानकारी साझा करते हुए अपने वितरण नेटवर्क में गड़बड़ी के खिलाफ जीरो-टॉलरेंस नीति दोहराई है।
एचपीसीएल के बयान में कहा गया कि जिन डीलरों के खिलाफ जांच में गड़बड़ी पाई गई, उनके विरुद्ध तत्काल सख्त कार्रवाई की गई है। कंपनी ने यह स्पष्ट किया कि जवाबदेही सुनिश्चित करने और समय पर अनुशासनात्मक कदम उठाने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
सरकार की सक्रियता के बीच यह कदम उठाया गया है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से अपील की थी कि वे एलपीजी की उपलब्धता और कीमतों से जुड़ी अफवाहों और गलत जानकारी को रोकें। कुछ इलाकों में ऐसी अफवाहों के कारण लोग घबराकर जमाखोरी कर रहे थे।
मंत्रालय ने राज्यों को निर्देश दिया कि वे प्रेस ब्रीफिंग और सोशल व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के जरिए सही जानकारी नियमित रूप से साझा करें, ताकि लोगों का भरोसा कायम रहे कि एलपीजी की पर्याप्त आपूर्ति है और वितरण सामान्य है। इसके साथ ही जमाखोरी और कालाबाजारी जैसी गड़बड़ियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने को कहा गया है।
एचपीसीएल ने यह भी कहा कि उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा, पारदर्शिता और भरोसेमंद सेवाएं प्रदान करना उसकी प्राथमिकता है। कंपनी ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है और किसी भी ऐसी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा जो ग्राहक हित या सेवा की गुणवत्ता को प्रभावित करे।











