हैदराबाद, 25 मार्च 2026।
साउथ सुपरस्टार राम चरण अपनी आगामी फिल्म 'पेड्डी' की शूटिंग के दौरान चोटिल हो गए, जिससे उनके फैंस में चिंता की लहर दौड़ गई। हालांकि, अब फिल्म टीम ने स्पष्ट किया है कि अभिनेता पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनकी आंख को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा 24 मार्च को एक एक्शन सीक्वेंस की शूटिंग के दौरान हुआ। राम चरण को आंख के ऊपर चोट लगी, जिसके चलते उन्हें चार टांके लगवाने पड़े। टीम ने कहा कि चोट सीधे आंख पर नहीं लगी है और उनकी आंख पूरी तरह सुरक्षित है। इस पुष्टि के बाद फैंस ने राहत की सांस ली।
चोट लगने के बावजूद राम चरण ने शूटिंग में ब्रेक नहीं लिया और जल्द ही सेट पर लौट आए। 'पेड्डी' एक स्पोर्ट्स-ड्रामा फिल्म है, जिसका निर्माण वृद्धि सिनेमाज के बैनर तले किया जा रहा है।
फिल्म का निर्देशन बुची बाबू सना कर रहे हैं और इसमें जाह्नवी कपूर भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। ए.आर. रहमान का संगीत इस फिल्म का प्रमुख आकर्षण है। इसके अलावा शिव राजकुमार, जगपति बाबू और दिव्येंदु भी फिल्म में अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
फिल्म 30 अप्रैल, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और इसके टीजर की संभावना राम चरण के जन्मदिन 27 मार्च को जारी करने की है।












