जम्मू, 31 मार्च।
रामबन जिले के मेहर क्षेत्र में सोमवार रात भूस्खलन की घटना ने जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात को पूरी तरह बाधित कर दिया। इस हादसे में अप और डाउन दोनों ट्यूब ब्लॉक हो गए, जिससे वाहन संचालन ठप हो गया।
अधिकारियों के अनुसार, यह भूस्खलन ट्रेलर पार्किंग क्षेत्र के पास हुआ, जिससे मार्ग पर वाहनों का आना-जाना असंभव हो गया। सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने चंदरकोट, जाखियानी खरपुरा और किस्तवाडी पथेर मार्ग पर यातायात रोकने का फैसला किया।
जिले के अधिकारियों ने मलबा हटाने और सड़क पर यातायात बहाल करने के प्रयास तुरंत शुरू कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि स्थिति का आकलन जारी है और यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।










