वाराणसी, 02 मई।
सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर बिहारी लाल शर्मा ने शनिवार को विश्वविद्यालय परिसर स्थित "शताब्दी भवन अतिथि गृह" में चल रहे नवीनीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय के संकायाध्यक्षों, चीफ प्रॉक्टर और अन्य अधिकारियों के साथ भवन के विभिन्न कक्षों, सभागार, मिनी हाल आदि का जायजा लिया और कार्य की प्रगति की समीक्षा की।
कुलपति ने निरीक्षण के दौरान भवन की आंतरिक साज-सज्जा, फॉल सीलिंग, वातानुकूलन व्यवस्था, और उपवेशन सुविधाओं पर विशेष चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिया कि नवीनीकरण कार्यों में आधुनिक सुविधाओं के साथ विश्वविद्यालय की पारंपरिक गरिमा का ध्यान रखते हुए समुचित समन्वय किया जाए, ताकि शताब्दी भवन अतिथि सत्कार और अकादमिक आयोजनों के लिए आदर्श केंद्र बन सके। उन्होंने कहा कि शताब्दी भवन विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा और गरिमा का प्रतीक है और इसका नवीनीकरण इस प्रकार किया जा रहा है कि यहां आने वाले विद्वानों और अतिथियों को उच्च स्तरीय सुविधाएं मिलें और यह भवन विश्वविद्यालय की सांस्कृतिक पहचान को और भी सशक्त बनाए।
इसके बाद कुलपति ने लालभवन में चल रहे नवीनीकरण कार्यों का भी निरीक्षण किया और संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी और सभी परियोजनाओं को निर्धारित मानकों के अनुसार ही पूरा किया जाएगा।











