नई दिल्ली, 12 जून।
राजधानी दिल्ली के तुगलकाबाद इलाके में देर रात एक पांच मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
जानकारी के अनुसार आग सबसे पहले इमारत की पार्किंग में खड़े दोपहिया वाहनों में लगी, जो धीरे-धीरे फैलते हुए पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले गई। आग लगने की सूचना गुरुवार देर रात लगभग 2 बजकर 35 मिनट पर दमकल विभाग को मिली।
दमकल विभाग की कई गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। टीम ने इमारत की छत का ताला काटकर वहां फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। कड़ी मशक्कत के बाद लगभग एक घंटे में आग पर काबू पा लिया गया।
घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति पर डॉक्टरों की निगरानी जारी है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया भी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है और मामले की जांच जारी है।












