नई दिल्ली, 18 जून।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने गुरुवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पांचवें सरसंघचालक केएस सुदर्शन की जयंती और रानी लक्ष्मीबाई के बलिदान दिवस पर उन्हें श्रद्धापूर्वक स्मरण किया।
नितिन गडकरी ने अपने संदेश में केएस सुदर्शन को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें याद किया। साथ ही उन्होंने झांसी की वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई को अदम्य साहस, शौर्य और देशभक्ति की प्रतीक बताते हुए नमन किया। उन्होंने कहा कि मातृभूमि की रक्षा के लिए दिया गया उनका सर्वोच्च बलिदान हमेशा स्मरणीय रहेगा।
केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा के प्रति सुदर्शन का समर्पित जीवन सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने उनके योगदान को समाज के लिए मार्गदर्शक बताया।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सुदर्शन की ग्राम विकास, कृषि, गौपालन और ऊर्जा जैसे विषयों में विशेष रुचि थी। उनके अनुसार, उन्होंने समाज को दिशा देने के साथ-साथ समस्याओं के मूल तक पहुंचकर समाधान तलाशने का कार्य भी किया।
केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि राष्ट्र और समाज के प्रति समर्पित सुदर्शन का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणादायी और अनुकरणीय बना रहेगा।
वहीं केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रल्हाद जोशी ने रानी लक्ष्मीबाई को भारत की प्रतिरोध भावना का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि उनके साहस, नेतृत्व और सर्वोच्च बलिदान ने देशवासियों को प्रेरित किया है और उनकी अमर विरासत आज भी राष्ट्र के गौरव का आधार बनी हुई है।













