रायपुर, 18 जून।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला बुधवार को रायपुर पहुंचे। राजधानी स्थित माना एयरपोर्ट पर उनके आगमन पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वे सीधे लोकभवन के लिए रवाना हुए।
रायपुर प्रवास के दौरान ओम बिरला ने बलबीर जुनेजा इंडोर स्टेडियम पहुंचकर आचार्य पदारोहण कार्यक्रम में सहभागिता की। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार इसके बाद वे दोपहर 12 बजे लोकभवन पहुंचे।
लोकभवन में उनका राज्यपाल रमन डेका से शिष्टाचार भेंट का कार्यक्रम तय है। इस दौरान विभिन्न विषयों पर औपचारिक चर्चा भी होगी।
इसके पश्चात ओम बिरला शांतिनगर क्षेत्र का दौरा करेंगे। यहां विभिन्न स्थानीय संगठनों की ओर से आयोजित सामाजिक कार्यक्रमों में वे शामिल होकर लोगों से संवाद करेंगे।













