उज्जैन, 8 अगस्त।
श्रावण मास के पावन पर्व पर शुक्रवार रात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उज्जैन पहुंचे। यहां उन्होंने प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर के गर्भगृह में भगवान महाकाल और नंदी महाराज की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने भगवान महाकाल की दिव्य शयन आरती में भाग लिया। आरती के दौरान वे पूरी तरह भक्तिभाव में नजर आए और झांझ भी बजाई।
उज्जैन प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं से बातचीत की और दर्शन व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। इस अवसर पर मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं जिला कलेक्टर रौशन कुमार सिंह और मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का स्वागत किया। दोनों ने उन्हें भगवान महाकाल का दुपट्टा ओढ़ाया और स्मृति चिह्न भेंट किया।
धार्मिक आयोजन के दौरान उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रवि सोलंकी, उपाध्यक्ष मुकेश यादव, संजय अग्रवाल, संभागायुक्त आशीष सिंह, नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा और जिला पंचायत सीईओ श्रेयांस कूमट सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
















