पुंछ, 20 मार्च।
जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले के सुरनकोट क्षेत्र में पुलिस ने ग्यारह साल बाद उत्तर प्रदेश की लीलावती नामक महिला को उसके परिवार से जोड़ने में सफलता हासिल की। यह महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और 11 साल पहले अपने परिवार से बिछड़ गई थी।
सुरनकोट के एसएचओ सैयद आबिद बुखारी ने महिला से पहचान संबंधी पूछताछ की और उसके द्वारा दी गई सीमित जानकारी के आधार पर व्यापक जांच शुरू की। महिला द्वारा बताए गए सुरागों का लगातार विश्लेषण करने और हर संभावित स्रोत का अनुसरण करने के बाद पुलिस ने महिला के परिवार का पता लगाया। उत्तर प्रदेश पुलिस से संपर्क कर सहयोग प्राप्त किया गया और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद महिला को उसके परिवार के सुपुर्द किया गया।
इस उपलब्धि पर स्थानीय जनता ने सुरनकोट पुलिस और विशेष रूप से एसएचओ सैयद आबिद बुखारी की सराहना की। उनका कहना है कि यह कार्य पुलिस की संवेदनशीलता, समर्पण और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का स्पष्ट उदाहरण है।











