बाराबंकी, 31 मार्च।
दरियाबाद थाना क्षेत्र के बेहटा गांव में हुई हत्या के बाद सोमवार को श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर शोकाकुल परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने मृतक बबलू राजभर के घर जाकर परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। मंत्री ने परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार और प्रशासन इस कठिन घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ है। मंत्री ने मृतक की पत्नी, मां, पिता और ससुर को सांत्वना दी और उन्हें आश्वासन दिया कि परिवार की सभी जरूरतों का ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने मौके पर ही आर्थिक सहायता प्रदान की और यह भी कहा कि बच्चों की शिक्षा और अन्य जीवनोपयोगी सुविधाओं की व्यवस्था शासन स्तर से की जाएगी।
इस दौरान उन्होंने घटना की जांच में तेजी लाने का निर्देश दिया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया। मंत्री ने यह भी कहा कि किसी भी सूरत में अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से कहा कि पीड़ित परिवार को सभी सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर दिया जाए। इस बैठक में उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, क्षेत्राधिकारी, और कोतवाली प्रभारी भी उपस्थित रहे।












