नई दिल्ली, 18 अप्रैल।
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 19 और 20 अप्रैल को श्रीलंका के दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर रहेंगे। यह उनका श्रीलंका का पहला द्विपक्षीय दौरा माना जा रहा है, जिससे दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, उपराष्ट्रपति 19 अप्रैल को श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायका, प्रधानमंत्री डॉ. हरिणी अमरासुरिया सहित अन्य प्रमुख हस्तियों से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वे भारतीय मूल के तमिल समुदाय के प्रतिनिधियों तथा श्रीलंका के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों के तमिल नेताओं के साथ भी संवाद करेंगे।
उसी दिन कोलंबो में आयोजित एक सामुदायिक कार्यक्रम में वे भारतीय प्रवासियों को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर भारतीय आवास परियोजना के तीसरे चरण के अंतर्गत तैयार किए गए मकानों को वर्चुअल माध्यम से तमिल समुदाय के लाभार्थियों को सौंपा जाएगा। इस योजना के तहत कुल आवासों की संख्या 50 हजार तक पहुंच जाएगी, जबकि चौथे चरण में 10 हजार और मकानों का निर्माण कार्य जारी है।
20 अप्रैल को उपराष्ट्रपति नुवारा एलिया का दौरा करेंगे, जहां वे आवासीय परियोजनाओं का निरीक्षण करेंगे और स्थानीय तमिल समुदाय के लोगों से मुलाकात कर उनकी स्थिति का जायजा लेंगे।
यह दौरा हाल के उच्च स्तरीय संवादों के बाद हो रहा है और इससे भारत और श्रीलंका के बीच लंबे समय से चले आ रहे सांस्कृतिक और सामाजिक संबंधों को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।









.jpg)