भोपाल, 18 अप्रैल
राजधानी भोपाल के कोलार रोड थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जिसमें सर्वधर्म दमखेड़ा इलाके में रहने वाले और पुताई का कार्य करने वाले 20 वर्षीय युवक निखिल सितोले की बेरहमी से हत्या कर दी गई।
रात करीब साढ़े नौ बजे की यह घटना तब हुई जब निखिल अपने घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान पांच आरोपियों धनु, गोविंद, आशीष, जुगल और गन्नू वहां पहुंचे और अचानक उस पर चाकू-छुरी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में युवक पर दस से अधिक वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमलावरों ने पेट, हाथ और पैरों पर इतने गहरे घाव किए कि उसकी आंतें बाहर आ गईं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
परिजनों ने घायल निखिल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान शनिवार तड़के उसकी मौत हो गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि यह घटना पुरानी रंजिश का परिणाम है। निखिल पहले आरोपियों के साथ जुड़ा हुआ था, लेकिन उनकी आपराधिक गतिविधियों, छेड़छाड़, नशे में तोड़फोड़ और मारपीट का विरोध करने के बाद उसने दूरी बना ली थी, जिससे आरोपी उससे रंजिश रखने लगे थे। घटना से कुछ घंटे पहले भी उसे धमकाया गया था और मारपीट की गई थी।
मृतक के पिता सतीश सितोले ने बताया कि उनका बेटा मेहनत से काम कर परिवार का सहारा था और आरोपियों द्वारा इलाके में आतंक फैलाया जाता था।
थाना प्रभारी के अनुसार आरोपी धनु को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि गोविंद, आशीष, जुगल और गन्नू फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। शुरुआत में मामला हत्या के प्रयास का था, लेकिन मौत के बाद इसे हत्या में बदल दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं और हाल ही में जेल से छूटे थे, वहीं मृतक के खिलाफ भी पुराने मामले दर्ज थे। इस घटना ने शहर की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।









.jpg)