हल्द्वानी, 18 अप्रैल।
नैनीताल जनपद के लालकुआं क्षेत्र के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग पर आईओसी डिपो के सामने स्थित अव्यवस्थित कट पर शनिवार सुबह एक ऑटो और नेक्सॉन कार के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें एक महिला की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि एक ही परिवार के आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र स्थित आजाद नगर की लाइन नंबर 10 निवासी शोएब अपने भाई शाहरुख और अन्य परिजनों के साथ ऑटो से लालकुआं की ओर जा रहे थे। इसी दौरान आईओसी डिपो के सामने हाईवे पर बने कट को पार करते समय सामने से आ रही कार से ऑटो की भीषण टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो पलट गया और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। ऑटो में कुल नौ लोग सवार थे, जिनमें चार बच्चे भी शामिल थे। हादसे में गफूर बस्ती निवासी रोजी (28 वर्ष), पत्नी शाहरुख की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
इस दुर्घटना में शाहरुख (35 वर्ष), उनके चार बच्चे अरहान (10 वर्ष), अर्श (8 वर्ष), उजैर (4 वर्ष) और मन्नत (4 माह) सहित ऑटो चालक शोएब, रफीक (45 वर्ष) और मेहरू बी अंसारी (14 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए हल्द्वानी अस्पताल भेजा गया।
स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने अव्यवस्थित कटों को लगातार दुर्घटनाओं का कारण बताते हुए प्रशासन से इन्हें शीघ्र व्यवस्थित करने की मांग की है।










