नई दिल्ली, 20 अप्रैल।
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के चलते होर्मुज स्ट्रेट के लगभग बंद होने की स्थिति ने वैश्विक तेल बाजार में उछाल ला दिया है। सोमवार के शुरुआती कारोबार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज बढ़त दर्ज की गई। ब्रेंट क्रूड करीब 6.5 प्रतिशत चढ़कर 96.27 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया, जबकि डब्ल्यूटीआई क्रूड भी 7.5 प्रतिशत उछलकर 90 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर पहुंच गया।
वैश्विक सप्लाई पर असर पड़ने की आशंका के बीच अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में तेजी बनी हुई है। कारोबार के दौरान अमेरिकी बेंचमार्क वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) क्रूड 5.20 डॉलर यानी 6.20 प्रतिशत की बढ़त के साथ 89.05 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखा। वहीं अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड भी 4.81 डॉलर यानी 5.32 प्रतिशत मजबूत होकर 95.19 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर पहुंच गया।
बाजार में यह तेजी पश्चिम एशिया में जारी संकट और सप्लाई प्रभावित होने की आशंकाओं का सीधा असर मानी जा रही है। मौजूदा हालात के कारण वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल के दाम में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है, जिससे बाजार में अस्थिरता का माहौल नजर आ रहा है।









