बैटन रूज (लुइसियाना), 20 अप्रैल
अमेरिका के लुइसियाना प्रांत के श्रेवेपोर्ट शहर में रविवार तड़के हुई भीषण गोलीबारी ने पूरे इलाके को दहला दिया। एक बंदूकधारी ने तीन अलग-अलग घरों में घुसकर आठ मासूम बच्चों की गोली मारकर हत्या कर दी। जनवरी 2024 के बाद यह देश की सबसे घातक सामूहिक गोलीबारी मानी जा रही है। घटना के बाद आसपास के लोग स्तब्ध रह गए और मौके पर पहुंचने वाले कई लोग भावुक होकर रो पड़े। इस दौरान एक 13 वर्षीय किशोर छत से कूदकर अपनी जान बचाने की कोशिश में घायल हो गया, जिसकी कई हड्डियां टूट गई हैं।
पुलिस के अनुसार, इस हमले में कुल 10 लोग गोलीबारी का शिकार हुए। संदिग्ध हमलावर की पहचान शमार एल्किन्स के रूप में हुई है, जो बाद में पुलिस कार्रवाई में मारा गया। मृतकों में तीन लड़के और पांच लड़कियां शामिल हैं, जिनमें सात बच्चे आपस में सगे भाई-बहन थे। मृतकों में जयला एल्किन्स (3), शायला एल्किन्स (5), कायला प्यू (6), लेयला प्यू (7), मार्केडॉन प्यू (10), सरियाह स्नो (11), खेडेरियन स्नो (6) और ब्रेयलॉन स्नो (5) शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि गोलीबारी के दौरान दो महिलाओं को गंभीर चोटें आईं, जबकि एक किशोर भी घायल हुआ है। जांच में सामने आया कि हमलावर ने पहले सड़क पर एक महिला को निशाना बनाया और इसके बाद पास के एक घर में घुसकर अंदर मौजूद लोगों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस घटना की जांच के लिए कई कानून प्रवर्तन एजेंसियां जुटी हुई हैं। स्थानीय प्रतिनिधियों के अनुसार, कुछ बच्चों ने पीछे के दरवाजे से भागने की कोशिश भी की थी।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आरोपी एल्किन्स को वर्ष 2019 में हथियारों से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया जा चुका था। इसके अलावा वह लुइसियाना आर्मी नेशनल गार्ड में सात वर्षों तक सेवा भी दे चुका था। शहर के मेयर टॉम आर्सेनो ने कहा कि इस घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष अब तक अमेरिका में 114 से अधिक सामूहिक गोलीबारी की घटनाएं दर्ज की जा चुकी हैं।
घटना स्थल पर पहुंची नगर परिषद सदस्य तबाथा एच. टेलर इस भयावह मंजर को देखकर खुद को संभाल नहीं सकीं और फूट-फूटकर रो पड़ीं। उन्होंने इसे शहर के इतिहास की सबसे दर्दनाक घटनाओं में से एक बताया। वहीं, पुलिस प्रमुख वेन स्मिथ ने कहा कि इस तरह की घटना की कल्पना करना भी मुश्किल है। अमेरिकी प्रतिनिधि माइक जॉनसन ने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।







