छतरपुर, 20 अप्रैल
मध्य प्रदेश के छतरपुर शहर में रविवार देर रात एक नमकीन गोदाम में भीषण आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया। शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के फिरंगी पछाड़ इलाके में लक्ष्मी मंदिर के पीछे स्थित इस गोदाम में लगी आग ने देखते ही देखते पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।
जानकारी के अनुसार यह गोदाम राकेश नामदेव, संतोष नामदेव और अशोक नामदेव का है। आग लगने से बड़ी मात्रा में नमकीन और अन्य सामग्री पूरी तरह नष्ट हो गई, जिससे करीब 60 से 70 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। घटना के बाद गोदाम मालिकों ने प्रशासन की लापरवाही पर नाराजगी जताई।
आग लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोग खुद ही आग बुझाने में जुट गए और लंबे समय तक बिना संसाधनों के संघर्ष करते रहे। लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद फायर ब्रिगेड की गाड़ी करीब एक घंटे तक मौके पर नहीं पहुंची, जिससे नुकसान और बढ़ गया।
घटना के दौरान न तो कोई जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचा और न ही कोई जनप्रतिनिधि नजर आया, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। रहवासियों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है, इससे पहले भी फायर ब्रिगेड की देरी के कारण नुकसान बढ़ने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
इस घटना ने एक बार फिर नगर पालिका और प्रशासन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने फायर फाइटिंग व्यवस्था को मजबूत करने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण की जांच अभी जारी है।



.jpg)


.jpg)



