अपराध
20 Apr, 2026

मुजफ्फरपुर शादी कांड: विवाद के बाद युवक की हत्या से हड़कंप

मुजफ्फरपुर के मीनापुर क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान हुए विवाद के बाद एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जिससे गांव में तनाव फैल गया, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी।

मुजफ्फरपुर, 20 अप्रैल।

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में शादी समारोह के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक 27 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

मामला मीनापुर थाना क्षेत्र के मानिकपुर गांव का है, जहां जागेश्वर सहनी की बेटी की शादी हो रही थी। बारात पियर थाना क्षेत्र के मनोज सहनी के घर से आई थी। समारोह के दौरान सड़क पर म्यूजिक ट्रॉली और डांस के चलते रास्ता बाधित हो गया, जिस पर गांव के ही राहुल कुमार (27) ने आपत्ति जताई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रॉली हटाने को लेकर राहुल और कुछ बारातियों के बीच कहासुनी हो गई थी, हालांकि बाद में स्थिति शांत हो गई और ट्रॉली हटा दी गई। इसके बाद राहुल ने अपना ट्रैक्टर सुरक्षित स्थान पर खड़ा कर दिया और कार्यक्रम देखने के लिए वहीं रुक गया।

आरोप है कि बाद में कुछ लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते राहुल को रास्ते से उठाकर हमला कर दिया। देर रात वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन सुबह उसका शव गांव के बाहर सुनसान स्थान पर मिला। शव पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए।

सूचना मिलने पर मीनापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और संदिग्धों की पहचान की जा रही है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

23° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़