कुल्लू, 20 अप्रैल।
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुल्लू स्पेशल टास्क फोर्स को एक और बड़ी सफलता मिली है। सोमवार सुबह टीम ने चार लोगों को चरस तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। ये सभी आरोपी अमृतसर, पंजाब के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
मामला उस समय सामने आया जब एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर मंडी जिले के नागचला फोरलेन के पास नाकाबंदी की गई। इस दौरान एक संदिग्ध कार (नंबर पीबी 02 ईके 6363) को रोका गया और तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान वाहन से 838 ग्राम चरस बरामद हुई। इसके बाद कार को जब्त कर उसमें सवार चारों व्यक्तियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
स्पेशल टास्क फोर्स कुल्लू के डीएसपी हेमराज वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सफल प्रताप सिंह, हरपिंदर सिंह, अरपिंदर सिंह और अमनदीप सिंह के रूप में हुई है।
सभी आरोपियों के खिलाफ मंडी जिले के बल्ह थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। पुलिस द्वारा मामले की आगे की जांच जारी है।





.jpg)



