गाजियाबाद, 20 अप्रैल।
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में थाना टीला मोड़ क्षेत्र में चार वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले में वांछित आरोपी जसीम उर्फ छोटू को पुलिस ने रविवार देर रात एक मुठभेड़ में मार गिराया। इस दौरान उसके दो साथी मौके से फरार हो गए। आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से तीन तमंचे, कारतूस और एक बाइक बरामद की है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 11 अप्रैल को आरोपी ने अपनी भांजी को आइसक्रीम दिलाने के बहाने घर के बाहर से अगवा किया था। इसके बाद बच्ची के साथ दुष्कर्म कर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। बाद में शव को शालीमार गार्डन क्षेत्र में कचरे के पास छिपा दिया गया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म और हत्या की पुष्टि होने के बाद मामला दर्ज किया गया था और आरोपी की लगातार तलाश जारी थी। रविवार रात सूचना मिली कि वह बंथला नहर क्षेत्र में छिपा है और भागने की कोशिश में है। पुलिस ने घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान बाइक सवार तीन लोगों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसमें दो जवान घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी को गोली लगी, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतक की पहचान जसीम उर्फ छोटू के रूप में हुई है। उसके दो साथी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका था और नशे का आदी था।






.jpg)



