टॉप न्यूज़
20 Apr, 2026

भारत-दक्षिण कोरिया ने तय किया 50 अरब डॉलर व्यापार लक्ष्य, ‘फ्यूचरिस्टिक पार्टनरशिप’ का रोडमैप तैयार

भारत और दक्षिण कोरिया ने द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाई देते हुए व्यापार लक्ष्य बढ़ाने और भविष्य की साझेदारी को मजबूत करने पर सहमति जताई।

नई दिल्ली, 20 अप्रैल।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग के साथ वार्ता करते हुए वैश्विक तनाव के बीच शांति और स्थिरता का संदेश देने की बात कही। इस दौरान दोनों देशों ने द्विपक्षीय संबंधों को नई दिशा देते हुए उन्हें ‘फ्यूचरिस्टिक पार्टनरशिप’ में बदलने का रोडमैप भी पेश किया।

मीडिया को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति ली के भारत आगमन का स्वागत किया और उनके जीवन को संघर्ष, सेवा और समर्पण का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि यह उनकी पहली भारत यात्रा जरूर है, लेकिन भारत के प्रति उनका लगाव पहले से स्पष्ट रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आठ वर्षों के बाद कोरिया के राष्ट्रपति का यह दौरा अत्यंत महत्वपूर्ण है। दोनों देशों के बीच लोकतांत्रिक मूल्यों, बाजार आधारित अर्थव्यवस्था और कानून के शासन के प्रति सम्मान जैसी समानताएं संबंधों को मजबूत बनाती हैं। इंडो-पैसिफिक क्षेत्र को लेकर भी दोनों देशों की सोच समान है, जिसके आधार पर पिछले दशक में रिश्ते अधिक गतिशील और व्यापक हुए हैं।

उन्होंने बताया कि इस यात्रा के साथ ही भारत और कोरिया के बीच विश्वासपूर्ण साझेदारी को भविष्य की साझेदारी में परिवर्तित किया जा रहा है। चिप्स से जहाज, प्रतिभा से प्रौद्योगिकी और पर्यावरण से ऊर्जा तक हर क्षेत्र में सहयोग के नए अवसर तलाशे जाएंगे, जिससे दोनों देशों की प्रगति और समृद्धि सुनिश्चित होगी।

प्रधानमंत्री ने यह भी घोषणा की कि दोनों देशों ने द्विपक्षीय व्यापार को वर्तमान 27 अरब डॉलर से बढ़ाकर वर्ष 2030 तक 50 अरब डॉलर करने का लक्ष्य तय किया है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए कई अहम निर्णय लिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि वित्तीय प्रवाह को सुगम बनाने के लिए इंडिया-कोरिया फाइनेंशियल फोरम शुरू किया गया है, जबकि व्यापारिक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए इंडस्ट्रियल कोऑपरेशन कमेटी का गठन किया गया है। महत्वपूर्ण तकनीक और आपूर्ति श्रृंखला के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए इकोनॉमिक सिक्योरिटी डायलॉग की शुरुआत की जाएगी।

इसके अलावा कोरियाई कंपनियों, विशेष रूप से लघु और मध्यम उद्यमों की भारत में आसान एंट्री के लिए कोरियन इंडस्ट्रियल टाउनशिप स्थापित किया जाएगा और एक वर्ष के भीतर व्यापार समझौते को भी उन्नत किया जाएगा।

भविष्य के सहयोग पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों देश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर और सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में साझेदारी बढ़ाने के लिए इंडिया-कोरिया डिजिटल ब्रिज शुरू कर रहे हैं। साथ ही शिपबिल्डिंग, सस्टेनेबिलिटी, स्टील और पोर्ट जैसे क्षेत्रों में समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए जा रहे हैं।

सांस्कृतिक संबंधों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और कोरिया के बीच हजारों वर्ष पुराने संबंध हैं, जिनमें अयोध्या की राजकुमारी सुरिरत्ना और कोरिया के राजा किम सुरो की कहानी साझा विरासत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज के-पॉप और के-ड्रामा भारत में लोकप्रिय हो रहे हैं, वहीं भारतीय सिनेमा और संस्कृति कोरिया में पहचान बना रही है। इस सांस्कृतिक जुड़ाव को मजबूत करने के लिए 2028 में इंडिया-कोरिया फ्रेंडशिप फेस्टिवल आयोजित किया जाएगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने के लिए शिक्षा, शोध और पर्यटन को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। वैश्विक चुनौतियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भारत और कोरिया मिलकर शांति और स्थिरता का संदेश दे रहे हैं और कोरिया का अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन और इंडो-पैसिफिक ओशन्स पहल में शामिल होना स्वागतयोग्य है।

उन्होंने यह भी कहा कि वैश्विक समस्याओं से निपटने के लिए अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं में सुधार आवश्यक है। गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने कोरिया को ‘पूर्व का दीप’ बताया था और आज कोरिया ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को साकार करने में एक अहम साझेदार बन गया है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

27° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़