जौनपुर, 20 अप्रैल।
जिले के खुटहन थाना क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस और गौ-तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। यह घटना रात करीब 12 बजे रसूलपुर गांव स्थित रामआधार इंटर कॉलेज के पास जंगल क्षेत्र में हुई।
जानकारी के अनुसार, खुटहन पुलिस टीम चौराहे पर चेकिंग अभियान चला रही थी, तभी सूचना मिली कि कुछ गौ-तस्कर जंगल में मौजूद हैं और छुट्टा पशुओं को पकड़कर वध के लिए ले जाने की योजना बना रहे हैं। सूचना पर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सेवई नाला के पास घेराबंदी की।
पुलिस को देखते ही आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने उन्हें आत्मसमर्पण के लिए चेतावनी दी, लेकिन बदमाशों ने दोबारा गोली चलाई, जिसमें एक गोली थानाध्यक्ष के पास से निकल गई।
इसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें हसनैन (34) निवासी खुटहन के पैर में गोली लग गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। मौके से एक देशी तमंचा, कारतूस, चाकू, रस्सी और बाइक बरामद की गई है।
फरार आरोपियों की पहचान इकबाल और आशिक के रूप में हुई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दबिश दी जा रही है। मामले में शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।






.jpg)



