धर्मशाला, 20 अप्रैल।
जिला कांगड़ा पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के एक युवक को चरस और नकदी के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 201 ग्राम चरस और 1,18,920 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, विशेष टीम गश्त पर थी, तभी गुप्त सूचना के आधार पर नगरोटा बगवां क्षेत्र में दबिश दी गई। आरोपी ने अपने किराए के कमरे में चरस और नकदी छिपा रखी थी, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विनोद कुमार शुक्ला (21), पुत्र बच्चा राज, निवासी फरेन्दा, डाकघर व तहसील मल्लापुर, जिला गोंडा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
एसपी कांगड़ा अशोक रत्न ने बताया कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और पुलिस टीमें नियमित रूप से गश्त, नाकाबंदी और सूचना संकलन कर रही हैं। इसी क्रम में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी सब्जी मंडी के पास स्थित किराए के कमरे से चरस की बिक्री करता है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया।






.jpg)



