महोबा, 20 अप्रैल।
जनपद मुख्यालय में दुकान के बाहर शराब पीने से रोकना एक किराना दुकानदार को भारी पड़ गया। रविवार रात कुछ दबंगों ने दुकानदार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया और दुकान में जमकर तोड़फोड़ की। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई।
पीड़ित शंकर प्रजापति, निवासी भटीपुरा मुहाल ने बताया कि वह अपने घर में किराना दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। रविवार रात कुछ लोग उनकी दुकान के बाहर चबूतरे पर बैठकर शराब पी रहे थे, जिन्हें उन्होंने मना किया तो वे गुस्से में आ गए और धमकी देकर चले गए।
बताया गया कि जब वह दुकान बंद कर रहे थे, उसी समय बिजली चली गई और अंधेरे का फायदा उठाकर हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। किसी तरह वह घर के अंदर भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। आरोप है कि हमलावरों ने दुकान में तोड़फोड़ की और गल्ले में रखे करीब 6000 रुपये लेकर फरार हो गए।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सोमवार को भटीपुरा चौकी प्रभारी रोशन गुप्ता ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।







.jpg)



