बलोचिस्तान, 20 अप्रैल
पाकिस्तान के बलोचिस्तान प्रांत में बीते 24 घंटों के दौरान सुरक्षा बलों और विद्रोहियों के बीच हुई अलग-अलग घटनाओं में तीन पुलिसकर्मियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल बताए गए हैं। घटनाओं के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने संबंधित इलाकों में घेराबंदी कर तलाशी अभियान तेज कर दिया है। इसी बीच क्वेटा प्रेस क्लब के बाहर आम नागरिकों का जबरन गुमशुदगी के खिलाफ लंबे समय से जारी धरना और अनशन भी जारी है, जिसमें लापता लोगों की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग उठाई जा रही है।
रविवार को बलोचिस्तान के खुजदार शहर में पुलिस दल पर अज्ञात बदमाशों ने अचानक गोलीबारी कर दी। यह घटना उप तहसील बागबाना क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां पुलिस टीम सोलर पैनल चोरी की शिकायत पर कार्रवाई करने पहुंची थी। छापेमारी के दौरान हथियारबंद हमलावरों ने पुलिस पर हमला बोल दिया, जिसमें एक महिला कांस्टेबल सहित दो जवानों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस हमले में हेड कांस्टेबल समीउल्लाह और महिला कांस्टेबल मलिक नाज शहीद हुए हैं। वहीं अतिरिक्त थाना प्रभारी इब्राहिम शेख और कांस्टेबल नजीबुल्लाह गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल खुजदार में भर्ती कराया गया है। घटना के तुरंत बाद पूरे क्षेत्र को सील कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
दूसरी ओर मस्तुंग जिले के दश्त कंबेला इलाके में भी सुरक्षा बलों और विद्रोहियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक पुलिसकर्मी की जान चली गई और छह अन्य घायल हो गए। मृतक की पहचान हेड कांस्टेबल रहमतुल्लाह खिलजी के रूप में की गई है। पुलिस के मुताबिक, सेना ने कंबेला के मैदानी क्षेत्र को घेरकर अभियान चलाया, जहां उन्हें विद्रोहियों के हमले का सामना करना पड़ा। इसके अलावा दश्त कुंड मुसुरी इलाके में भी सशस्त्र समूहों ने सुरक्षा बलों के एक शिविर को निशाना बनाया।
इधर, क्वेटा प्रेस क्लब के सामने जबरन गुमशुदगी के खिलाफ चल रहा विरोध प्रदर्शन और अनशन 6139वें दिन भी जारी रहा। यह आंदोलन बलोच लापता व्यक्तियों की आवाज के बैनर तले चलाया जा रहा है। इस दौरान सोहेल बलूच के भाई जमील बलोच ने भी शिविर पहुंचकर अपना विरोध दर्ज कराया। उन्होंने बताया कि उनके भाई सोहेल अहमद और उनके मित्र फसीहुल्लाह को 1 नवंबर 2021 को बलोचिस्तान विश्वविद्यालय से कथित रूप से उठा लिया गया था और तब से उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। दोनों छात्र विश्वविद्यालय में पाकिस्तान अध्ययन के विद्यार्थी थे और छात्रावास में रह रहे थे।







.jpg)
