अमेरिका/यूरोप
22 Apr, 2026

ट्रंप का यू-टर्न: ईरान संग संघर्ष विराम बढ़ाया, साझा प्रस्ताव का इंतजार

ईरान के साथ संघर्ष विराम बढ़ाने के अमेरिकी फैसले के बीच कूटनीतिक हलचल तेज हो गई है और क्षेत्रीय वार्ताओं की संभावनाएं नए सिरे से उभर रही हैं।

वाशिंगटन, 22 अप्रैल

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ जारी तनाव के बीच इस बार अप्रत्याशित रूप से संघर्ष विराम को आगे बढ़ाने की घोषणा की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह विस्तार तब तक रहेगा जब तक ईरान के नेता और प्रतिनिधि किसी साझा प्रस्ताव पर नहीं पहुंच जाते। उनके इस बदले रुख को कूटनीतिक स्तर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इससे पहले वह संघर्ष विराम को आगे नहीं बढ़ाने की बात कह चुके थे।

ट्रंप के इस बयान से इस्लामाबाद में प्रस्तावित शांति वार्ता को लेकर नई उम्मीदें जगी हैं, जहां पाकिस्तान पहले से ही बातचीत की तैयारी कर चुका है। माना जा रहा है कि अमेरिका के इस नरम रुख के बाद ईरान भी बातचीत के लिए सकारात्मक संकेत दे सकता है, हालांकि तेहरान ने फिलहाल पाकिस्तान में प्रस्तावित वार्ता में शामिल होने से इनकार किया है।

राष्ट्रपति ट्रंप ने यह भी संकेत दिया कि यदि अमेरिका अपनी नाकाबंदी हटाता है तो ईरान के साथ किसी ठोस समझौते की संभावना कम हो जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने के पक्ष में नहीं है, लेकिन अपनी स्थिति बनाए रखने के लिए इस मुद्दे को उठा रहा है।

दूसरी ओर, अमेरिका लेबनान और इजराइल के बीच संवाद को भी आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहा है। वाशिंगटन में दोनों देशों के बीच राजदूत स्तर की वार्ता के दूसरे दौर का आयोजन गुरुवार को प्रस्तावित है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच सीधे संवाद को बढ़ावा देने पर जोर रहेगा। इससे पहले 14 अप्रैल को हुई पहली बैठक में दोनों देशों के बीच दस दिन का संघर्ष विराम तय हुआ था।

इसी बीच, अमेरिकी सैन्य नेतृत्व ने स्पष्ट किया है कि संघर्ष विराम के बावजूद सेना पूरी तरह सतर्क और तैयार है। यूएस सेंट्रल कमांड के अनुसार, सभी सैन्य इकाइयां लगातार अपनी रणनीति और तकनीक को अद्यतन कर रही हैं, ताकि किसी भी परिस्थिति में तत्काल प्रतिक्रिया दी जा सके।

पाकिस्तान के अधिकारियों का मानना है कि अमेरिका के बदले रुख के बाद ईरान भी वार्ता की दिशा में आगे बढ़ सकता है। राजधानी इस्लामाबाद में शांति वार्ता के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं, जहां स्कूल और कार्यालय बंद कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। मध्यस्थों की कोशिश है कि दोनों पक्षों को एक मंच पर लाकर साझा समाधान की दिशा में पहल की जा सके।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

23° / 40°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़