काठमांडू, 22 अप्रैल।
अमेरिकी विदेश मंत्रालय में दक्षिण एवं मध्य एशिया मामलों के सहायक विदेश मंत्री समीर पॉल कपूर तीन दिवसीय नेपाल यात्रा पूरी कर स्वदेश लौट गए। इस दौरान उन्होंने उच्चस्तरीय बैठकों में नेपाल–अमेरिका साझेदारी को और मजबूत करने तथा व्यापारिक सहयोग के विस्तार पर विचार-विमर्श किया। नेपाल स्थित अमेरिकी दूतावास ने यह जानकारी साझा की।
भारतीय मूल के कपूर 20 अप्रैल को काठमांडू पहुंचे थे। बालेन सरकार बनने के बाद काठमांडू का दौरा करने वाले वे सबसे वरिष्ठ विदेशी राजनयिकों में शामिल हैं। दूतावास के अनुसार, यात्रा के दौरान उन्होंने सत्तारूढ़ राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के अध्यक्ष रवि लामिछाने, विदेश मंत्री शिशिर खनाल और वित्त मंत्री डॉ. स्वर्णिम वाग्ले से अलग-अलग मुलाकात की।
कपूर ने नेपाल प्रतिनिधिमंडल के साथ भी बातचीत की, जो अमेरिका में आयोजित निवेश सम्मेलन में भाग लेने जा रहा है। इस दौरान संभावित अमेरिकी निवेश अवसरों और आर्थिक सहयोग पर चर्चा की गई। साथ ही, उन्होंने अमेरिकी और नेपाली निजी क्षेत्र के प्रतिनिधियों के साथ भी संवाद किया और नेपाल के तेजी से विकसित हो रहे तकनीकी क्षेत्र में साझेदारी की संभावनाओं पर विचार किया।
अपने दौरे के दौरान उन्होंने नेपाल की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहरों का अवलोकन भी किया। उन्होंने बौद्धनाथ स्तूप और पाटन दरबार स्क्वायर का भ्रमण किया। अमेरिका इन सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के लिए अपने ‘एम्बेसडर्स फंड फॉर कल्चरल प्रिजर्वेशन’ के माध्यम से सहयोग प्रदान करता रहा है।
विवरण: अमेरिकी सहायक विदेश मंत्री समीर पॉल कपूर की नेपाल यात्रा के दौरान द्विपक्षीय संबंधों, निवेश अवसरों और तकनीकी सहयोग पर चर्चा हुई, साथ ही सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण पर भी ध्यान केंद्रित किया गया।



.jpg)





