मुंबई, 19 अप्रैल
होम्बले फिल्म्स और कलीम प्रोडक्शन ने अपने महत्वाकांक्षी महावतार सिनेमैटिक यूनिवर्स की दूसरी फिल्म ‘महावतार परशुराम’ का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। ‘महावतार नरसिम्हा’ की सफलता के बाद अब यह नई प्रस्तुति भगवान विष्णु के छठे अवतार परशुराम की कथा को भव्य रूप में बड़े पर्दे पर लाने की तैयारी कर रही है।
फिल्म के निर्माताओं ने इसका पहला पोस्टर भी जारी किया है, जिसने दर्शकों के बीच उत्सुकता को और अधिक बढ़ा दिया है। पोस्टर पर अंकित टैगलाइन “जहाँ धैर्य समाप्त होता है, वहाँ परशुराम का फरसा शुरू होता है” फिल्म की गंभीर और शक्तिशाली झलक प्रस्तुत करती है।
यह फिल्म सात भागों में तैयार हो रहे महावतार सिनेमैटिक यूनिवर्स का दूसरा अध्याय होगी, जिसमें भगवान विष्णु के विभिन्न अवतारों की कथाओं को आधुनिक तकनीक और एनिमेशन के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का निर्देशन अश्विन कुमार कर रहे हैं।
फिल्म की कहानी धर्म की रक्षा और अधर्म के अंत के लिए परशुराम के अवतार पर केंद्रित होगी, जिसमें उनके क्रोध, तप, संघर्ष और न्याय भावना को विशेष रूप से उभारा जाएगा।
निर्माताओं का कहना है कि इस परियोजना का उद्देश्य भारतीय दर्शकों विशेषकर नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत और पौराणिक मूल्यों से जोड़ना है। उनके अनुसार यह केवल एक कथा नहीं, बल्कि शक्ति, विरासत और उद्देश्य का गहन संदेश है।
पहली फिल्म ‘महावतार नरसिम्हा’ को मिली अपार सफलता से प्रेरित होकर मेकर्स इस सिनेमैटिक यूनिवर्स को आगे विस्तार देने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं और दर्शकों की अपेक्षाएं भी लगातार बढ़ती जा रही हैं।









