भोपाल, 21 अप्रैल
भोपाल के उच्च सुरक्षा क्षेत्र, मुख्यमंत्री निवास के पास लगातार दो लूट की घटनाओं के बाद पुलिस प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए श्यामला हिल्स थाना प्रभारी भूपेंद्र कौर संधू को हटाकर लाइन अटैच कर दिया है। उनकी जगह इंस्पेक्टर नीलम पटवा को नए थाना प्रभारी के रूप में पदस्थ किया गया है।
हाल ही में इस क्षेत्र में एक डॉक्टर के साथ हुई लूट की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे। बताया गया कि बदमाशों ने डॉक्टर की आंखों में मिर्ची झोंककर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने मामले का खुलासा तो कर लिया, लेकिन आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी नहीं हो सकी, जिससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर प्रश्न उठे।
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री निवास जैसे अति संवेदनशील क्षेत्र में पुलिस की प्रतिक्रिया अपेक्षित स्तर की नहीं पाई गई, जिस पर पुलिस आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई। इसके बाद थाना प्रभारी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए स्पष्ट संदेश दिया गया कि किसी भी स्तर की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
गौरतलब है कि इससे पहले भी इसी क्षेत्र में हवाला से जुड़े धन की लूट की घटना सामने आ चुकी है। लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं ने शहर की कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर चिंता उत्पन्न कर दी है।
इधर, इस कार्रवाई को लेकर नए सवाल भी उठने लगे हैं। जानकारों का कहना है कि केवल थाना प्रभारी पर कार्रवाई करना पर्याप्त नहीं है, क्योंकि माइक्रो बीट व्यवस्था में बीट प्रभारी और माइक्रो बीट प्रभारी की भी जिम्मेदारी तय होती है। ऐसे में उन पर कार्रवाई न होना चर्चा का विषय बना हुआ है।









