भोपाल, 21 अप्रैल
भोपाल के बागसेवनिया थाना क्षेत्र में मिसरोद स्थित बापू की कुटिया के पास मंगलवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जिसमें सिग्नल पर रुकी कार में बैठे एक वकील पर साधु ने त्रिशूल से हमला कर दिया। इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला न्यायालय के अपर लोक अभियोजक नारायण सिंह ठाकुर अपने परिवार के साथ कार से लौट रहे थे। इसी दौरान लाल बत्ती पर वाहन रुकते ही आरोपी साधु ने अचानक गाली-गलौज शुरू कर दी।
स्थिति बिगड़ते देख वकील ने विरोध किया तो आरोपी ने कार के शीशे तोड़ दिए। इसके बाद उसने त्रिशूल से हमला कर दिया। बचाव के दौरान वकील ने हाथ आगे किया, जिससे त्रिशूल उनकी हथेली में जा धंसा और वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों और परिजनों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभालने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमले सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। साथ ही घटना के पीछे के कारणों और आरोपी की मानसिक स्थिति की जांच भी की जा रही है।









