मीरजापुर, 21 अप्रैल।
मीरजापुर जनपद के ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत लहुरियादह राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह एक अनियंत्रित ट्रेलर ने बाइक सवार तीन लोगों को रौंद दिया, जिससे मौके पर ही दो व्यक्तियों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे में हरिशंकर उर्फ कैर (56), निवासी देवघाट महुली पियरी, थाना कोरांव प्रयागराज तथा लक्ष्मीनारायण (58), निवासी देवघाट मध्य प्रदेश की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं बाइक चला रहा 18 वर्षीय अंकित, निवासी रीवा, गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया गया कि तीनों व्यक्ति मध्य प्रदेश से एक बारात में शामिल होकर प्रयागराज के देवघाट लौट रहे थे, तभी यह दुर्घटना घटित हो गई।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि ट्रेलर को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।










