वाराणसी, 21 अप्रैल।
वाराणसी के दशाश्वमेध क्षेत्र स्थित अहिल्याबाई घाट पर मंगलवार को गंगा में स्नान करते समय तीन युवक फिसलकर गहरे पानी में डूबने लगे, जिससे घाट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घाट पर मौजूद लोगों की चीख-पुकार सुनकर तैनात जल पुलिस के जवान तुरंत सक्रिय हुए और बिना देर किए रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। तत्परता दिखाते हुए तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
आरक्षी कुमार गौरव के अनुसार गंगा में स्नान के दौरान तीनों युवक अचानक गहरे पानी में चले गए थे, जिन्हें सूझबूझ और सतर्कता के साथ बचा लिया गया। बताया जा रहा है कि सभी युवक बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के निवासी हैं।
जल पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस तत्परता की सराहना की तथा उनके प्रयासों की प्रशंसा की।
युवकों ने बताया कि वे वाराणसी गंगा स्नान और बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए आए थे, लेकिन घाट पर पानी की गहराई का सही अंदाजा न लग पाने के कारण वे डूबने लगे। बाद में जल पुलिस ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जान बचने पर युवकों ने पुलिसकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया।










