वाराणसी, 21 अप्रैल
वाराणसी जनपद के मैदागिन स्थित भारतेंदु उद्यान के पुनर्विकास कार्य का शुभारंभ मंगलवार से किया गया। इस अवसर पर वाराणसी दक्षिणी विधानसभा के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने उद्यान के पुनर्विकास हेतु भूमि पूजन संपन्न किया।
कंपनी गार्डन के नाम से प्रसिद्ध इस भारतेंदु उद्यान के सौंदर्यीकरण कार्य का शिलान्यास पूर्व में प्रधानमंत्री द्वारा किया गया था। अब पुनर्विकास कार्य की औपचारिक शुरुआत भूमि पूजन के साथ कर दी गई है।
भूमि पूजन के उपरांत विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने उपस्थित लोगों को मिष्ठान वितरित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि उद्यान में प्रतिदिन प्रातःकाल बड़ी संख्या में लोग भ्रमण हेतु पहुंचते हैं, ऐसे में इसकी सुंदरता और सुविधाओं का विकास अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने आगे कहा कि भूमि पूजन के बाद अब शीघ्र ही उद्यान का नया और विकसित स्वरूप देखने को मिलेगा, जिससे मैदागिन, दारानगर, विशेश्वरगंज, नीचीबाग और कबीरचौरा जैसे क्षेत्रों के नागरिक स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण में प्रातः भ्रमण का आनंद ले सकेंगे।










