मध्य प्रदेश
21 Apr, 2026

महिला सशक्तिकरण की मिसाल बनी ‘शक्ति दीदी’ पहल, मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार से होगा सम्मान

ग्वालियर जिले की “शक्ति दीदी” पहल को महिला सशक्तिकरण और सामाजिक समावेश के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार हेतु चयनित किया गया है, जिसके तहत 112 महिलाएं अब तक आत्मनिर्भर बन चुकी हैं।

ग्वालियर, 21 अप्रैल

ग्वालियर जिले में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा देने वाली “शक्ति दीदी” पहल को राज्य स्तर पर बड़ी उपलब्धि मिली है, जिसे अब “मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार” के लिए चयनित किया गया है। यह सम्मान आज मंगलवार को भोपाल स्थित आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासनिक अकादमी में आयोजित समारोह में ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान को प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही सहायक आपूर्ति अधिकारी सौरभ जैन तथा सहायक संचालक (महिला एवं बाल विकास) राहुल पाठक को संयुक्त रूप से एक लाख रुपये की राशि एवं प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा।

जिले में सामाजिक समावेश और सशक्तिकरण की दिशा में किए गए इस नवाचार ने कई महिलाओं के जीवन में बदलाव लाया है। 2 जनवरी 2025 को शुरू हुई इस पहल के तहत आर्थिक रूप से कमजोर, उपेक्षित तथा विधवा महिलाओं को पेट्रोल पंपों पर फ्यूल डिलीवरी वर्कर के रूप में सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराया गया। शुरुआत में केवल पांच महिलाओं से शुरू हुई यह योजना अब बढ़कर 112 “शक्ति दीदियों” तक पहुंच चुकी है।

शुरुआत में जहां पेट्रोल पंप संचालक इस पहल को लेकर संकोच में थे, वहीं अब इन महिलाओं की मेहनत और ईमानदारी को देखते हुए वे स्वयं प्रशासन से और “शक्ति दीदियों” की मांग कर रहे हैं।

इस नवाचार के अंतर्गत महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा पर विशेष ध्यान दिया गया है। इसके लिए प्रशासन, पुलिस, पेट्रोल पंप संचालकों और महिलाओं को जोड़ते हुए एक व्हाट्सएप समूह भी बनाया गया है, जहां वे अपनी समस्याएं साझा कर सकती हैं। साथ ही पुलिस द्वारा नियमित गश्त कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिया जाता है। महिलाओं की ड्यूटी का समय सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है।

इन महिलाओं का कहना है कि इस पहल ने उन्हें न केवल आर्थिक आत्मनिर्भरता दी है बल्कि समाज में सम्मान और आत्मविश्वास भी बढ़ाया है। उनका मानना है कि यह नवाचार उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लेकर आया है और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

23° / 40°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़