सतना, 21 अप्रैल
मध्य प्रदेश के सतना जिले में तेज गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए प्रशासन ने स्कूलों के संचालन में बदलाव किया है। जिले की सभी शासकीय, अशासकीय, केन्द्रीय विद्यालय, जवाहर नवोदय विद्यालय, आईसीएसई, सीबीएसई सहित अन्य मान्यता प्राप्त स्कूलों में कक्षा 1 से 5वीं तक के विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित कर दिया गया है।
इस संबंध में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट डॉ. सतीश कुमार एस ने सोमवार को आदेश जारी किया। आदेश के मुताबिक भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए छोटे बच्चों को राहत देने के लिए 21 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक कक्षाएं स्थगित रहेंगी।
प्रशासन द्वारा जारी निर्देश में बताया गया है कि हाल के दिनों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है और आने वाले समय में इसके और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में नन्हे विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
वहीं, कक्षा 6 से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए स्कूलों का समय निर्धारित करते हुए सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक कक्षाएं संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही शिक्षकों को विद्यालय में उपस्थित रहकर शैक्षणिक और अन्य आवश्यक कार्य संपादित करने के लिए कहा गया है। यह आदेश 21 अप्रैल 2026 से प्रभावी रहेगा।








