खंडवा, 21 अप्रैल
मध्य प्रदेश की धार्मिक नगरी ओंकारेश्वर में आदि गुरु शंकराचार्य के प्रकटोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित पांच दिवसीय “एकात्म पर्व” का मंगलवार को भव्य समापन होने जा रहा है। आचार्य शंकर सांस्कृतिक एकता न्यास द्वारा 17 से 21 अप्रैल तक चले इस आयोजन में देशभर से श्रद्धालुओं और प्रतिभागियों की सक्रिय भागीदारी रही।
मांधाता पर्वत स्थित एकात्म धाम में आयोजित इस पर्व के अंतिम दिन अभय घाट पर विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर पद्मश्री हेमंत चौहान द्वारा “निर्गुण वाणी” की प्रस्तुति दी जाएगी, वहीं मणिपुर नृत्य भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।
समापन समारोह के दौरान नर्मदा तट पर एक विशेष दीक्षा कार्यक्रम भी आयोजित होगा, जिसमें देश-विदेश से आए 700 से अधिक युवाओं को ‘शंकरदूत’ के रूप में दीक्षित किया जाएगा। यह दीक्षा समारोह जूनापीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि एवं अन्य संतों की उपस्थिति में संपन्न होगा।
जानकारी के अनुसार समापन अवसर पर प्रदेश के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी सहित अन्य अतिथियों की उपस्थिति में अद्वैत वेदांत के प्रचार-प्रसार में योगदान देने वाले स्वामी तेजोमयानंद सरस्वती और गौतम भाई पटेल का सम्मान किया जाएगा।
इसके साथ ही “शंकरावतरणम्” कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें विभिन्न धार्मिक और सामाजिक क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी। इस कार्यक्रम में स्वामी अवधेशानंद गिरि, स्वामी तेजोमयानंद सरस्वती, स्वामी पुण्यानंद गिरि तथा राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति बी. राम सुब्रमण्यम की विशेष उपस्थिति रहेगी।








